महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल का कोटद्वार महिला हेल्प डेस्क पर औचक निरीक्षण
काउंसलिंग से सुलझाए कई विवाद, वर्ष 2025-26 में पंजीकृत 540 मामलों का सफल निस्तारण
पौड़ी। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शनिवार को कोटद्वार में महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर सेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली और काउंसलिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा काउंसलिंग सत्र में शामिल होकर पक्षों की समस्याओं को सुनते हुए आपसी समन्वय से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने हेल्प डेस्क प्रभारी से पंजीकृत मामलों की विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा में सामने आया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 540 मामले पंजीकृत हुए, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2026 के जनवरी और फरवरी माह में 112 नए मामले दर्ज हुए हैं, जिन पर सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
अध्यक्ष ने कहा कि महिला हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना तथा संवाद और समझ के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना है।

उन्होंने साइबर सेल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े ऑनलाइन अपराधों और साइबर बुलिंग के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
अध्यक्ष ने निजी संस्थानों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा के लिए आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की जानकारी सार्वजनिक करने तथा कार्यस्थलों पर उत्पीड़न के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कोटद्वार थाना प्रभारी प्रदीप नेगी, महिला हेल्पलाइन प्रभारी एसआई दीपिका बिष्ट सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
