पौड़ी

पौड़ी में एलपीजी गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को 15 टीमें गठित

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारु आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली, स्टॉक की स्थिति तथा कालाबाजारी और जमाखोरी की रोकथाम से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है, जबकि शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। इसके लिए जनपद में 15 टीमों का गठन किया गया है, जो उपजिलाधिकारियों के समन्वय से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी।

उन्होंने सभी गैस एजेंसियों की सूची उपजिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने तथा एजेंसियों से प्राप्ति, वितरण और स्टॉक की दैनिक सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर आरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों और डिपो इंचार्ज के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। साथ ही उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों, संबंधित अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए समन्वय बनाएं।

बैठक में पेट्रोल और डीजल के रिटेल आउटलेटों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जमाखोरी की आशंका को देखते हुए इनकी भी नियमित निगरानी और निरीक्षण के निर्देश दिए।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से गैस रिफिल की बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

गैस आपूर्ति के नोडल अधिकारी मयंक सैनी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्थित रूप से जारी है। वर्तमान स्टॉक संतोषजनक है और बुकिंग के आधार पर डिजिटल माध्यम से भी आपूर्ति की निगरानी की जा रही है।

बैठक में सभी उपजिलाधिकारी और पूर्ति निरीक्षक वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *