पौड़ी

कोट ब्लॉक के जामरी में बहुउद्देशीय शिविर: 22 शिकायतें दर्ज, 87 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ

पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड कोट की न्याय पंचायत जामरी में बुधवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर में कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। इसके साथ ही 87 पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने की। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें, ताकि एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान हो सके और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सके।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, वन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि और उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।

इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख उपेंद्र भट्ट, सहायक अभियंता लोनिवि सुरेश पाल, ग्राम विकास अधिकारी विजय कपरुवाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *