22 अप्रैल प्रातः 8 बजे खुलेंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं पंचांग विचार के उपरांत यह शुभ तिथि एवं समय निर्धारित किया गया।

इस अवसर पर केदारनाथ मंदिर के रावल भीमाशंकर लिंग विशेष रूप से उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गई, जिसके साथ ही भक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
परंपरा के अनुसार, शीतकाल में केदारनाथ भगवान की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में की जाती है। कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही चारधाम यात्रा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
22 अप्रैल को प्रातः विधिवत पूजा और विशेष अनुष्ठानों के बाद बाबा केदार के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए प्रारंभ होंगे। प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
महाशिवरात्रि के दिन लिए गए इस निर्णय से देश-विदेश के श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है और सभी भक्त बाबा केदार के दर्शन हेतु उत्सुक हैं।
