जनगणना-2027 हेतु पौड़ी में तकनीकी सहायक व एमटीएस की होगी तैनाती, 20 फरवरी तक आमंत्रित निविदाएं
पौड़ी गढ़वाल। जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला स्तर पर आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से तकनीकी सहायक एवं एमटीएस की तैनाती की जाएगी। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 अपराह्न 02:00 बजे निर्धारित की गई है।

अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कार्यालय पौड़ी में 02 तकनीकी सहायक एवं 01 एमटीएस की तैनाती की जाएगी। तकनीकी सहायक के लिए अधिकतम मानदेय 25,000 रुपये प्रतिमाह तथा एमटीएस के लिए 18,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के कार्य हेतु आवश्यक मानव संसाधन की तैनाती आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जा रही है। यह नियुक्ति अधिकतम 16 से 18 माह की अवधि के लिए होगी तथा कार्य अवधि पूर्ण होने पर यह व्यवस्था स्वतः समाप्त मानी जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस मद में भारत सरकार अथवा राज्य सरकार की कोई वित्तीय अथवा अन्य जिम्मेदारी नहीं होगी। नियुक्त कार्मिकों को नियमितीकरण या किसी अन्य पद पर नियुक्ति का कोई अधिकार या दावा नहीं मिलेगा। साथ ही कार्य की उपयुक्तता के आधार पर सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी/कर्मियों को भी नियुक्त किया जा सकता है।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
