पौड़ी

पौड़ी में महिलाओं की ‘उमंग’ बेकरी बनी आत्मनिर्भरता का मॉडल

मंडुवा–झंगोरा से बने उत्पादों की देश–विदेश में बढ़ी मांग

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड कार्यालय के समीप वर्ष 2019 में स्थापित उमंग स्वायत सहकारिता बिजली ढ़ांढ़री की बेकरी यूनिट आज ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन चुकी है। 10 अक्टूबर 2019 को स्थापित इस यूनिट की शुरुआत हिमोत्थान समिति देहरादून (टाटा ट्रस्ट) तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से की गई थी।

 

ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि वर्तमान में यूनिट में 6 महिलाएं नियमित रूप से कार्यरत हैं। हिमोत्थान समिति द्वारा समूह की महिलाओं को बेकरी उत्पाद तैयार करने के लिए निशुल्क मशीनें उपलब्ध कराई गईं तथा आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने स्थानीय पहाड़ी अनाज से बेकरी उत्पाद तैयार कर बाजार में बिक्री शुरू की, जिससे यह यूनिट आज एक सफल स्वरोजगार मॉडल के रूप में स्थापित हो गई है।

यूनिट के माध्यम से 105 स्थानीय महिलाओं से 90 रुपये प्रति किलो झंगोरा और 47 रुपये प्रति किलो मंडुवा खरीदा जा रहा है, जिससे उन्हें भी अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त हुआ है। यहां मंडुवा और झंगोरा जैसे पोषक पहाड़ी अनाज से बिस्किट, लड्डू, केक, नानखटाई, बन, रस सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों की बिक्री स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी की जा रही है।

बेकरी यूनिट से प्रतिदिन औसतन 5 से 6 हजार रुपये की आय हो रही है। मासिक टर्नओवर 1.50 से 2 लाख रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि प्रतिमाह लगभग 70 से 80 हजार रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से उत्पादों को मेलों एवं विभिन्न कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर भी बेचा जा रहा है, जिससे बिक्री में निरंतर वृद्धि हो रही है।

विदेशों तक पहुंच रहे पौड़ी के पहाड़ी उत्पाद

पौड़ी में तैयार इन उत्पादों की गुणवत्ता और स्वाद को देखते हुए दिल्ली की “रंगीलो छबीलो” कंपनी भी यहां से नियमित रूप से बेकरी उत्पाद खरीद रही है। विशेष रूप से मक्खन और गुड़ से तैयार बिस्किट सहित अन्य पहाड़ी अनाज से बने उत्पाद कंपनी द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इससे पौड़ी की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

यह बेकरी यूनिट महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में उभर कर सामने आई है।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *