पौड़ी

अफ़सर बिटिया कार्यक्रम से 250 से अधिक बालिकाओं को मिला मार्गदर्शन, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत हुआ आयोजन

रिखणीखाल/पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, रिखणीखाल द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, कर्तिया में ‘अफ़सर बिटिया’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने 250 से अधिक बालिकाओं, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

पुलिस विभाग की ओर से चौकी इंचार्ज (रथुवाढाब) ने साइबर क्राइम और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव संबंधी कानूनी प्रावधानों एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।

स्वास्थ्य विभाग से आए चिकित्साधिकारी डॉ. सोनाली एवं डॉ. आलोक ने बालिका स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर प्रकाश डालते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण के महत्व को समझाया। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी किरन नेगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और शिक्षा के अधिकार के माध्यम से बालिकाओं को मिलने वाले शैक्षणिक लाभों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित और स्वस्थ बेटी ही समाज की वास्तविक शक्ति है।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के बीच निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 27 बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में सामान्य अध्ययन की पुस्तकें और डिक्शनरी प्रदान की गईं, ताकि वे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित हो सकें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, महिला मंगल दल के सदस्यों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।

सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *