उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बांटे गणवेश, चौरीखाल–मरगांव मोटर मार्ग का किया लोकार्पण
खिर्सू/पौड़ी। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड खिर्सू के भ्रमण के दौरान शिक्षा एवं सड़क विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को गणवेश वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

कैबिनेट मंत्री ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चुठाणी में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चुठाणी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय इज्जर तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चुठाणी के विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का महत्व बताते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इसके उपरांत मंत्री ने ग्राम मरगांव में 162.97 लाख रुपये की लागत से निर्मित चौरीखाल–मरगांव मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और स्थानीय जनता की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय मरगांव में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरगांव, चोपड़ा, नलई, गोदा तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मरगांव के छात्र-छात्राओं को भी गणवेश वितरित किए।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गणवेश वितरण जैसी पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और समानता की भावना को सुदृढ़ करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर विकास की धारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
