एनआरएलएम के तहत 12 से 26 फरवरी तक जनपद में बैंक शाखावार ऋण शिविर, स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी सीसीएल सुविधा
पौड़ी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्द्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी गढ़वाल में बैंक शाखावार ऋण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अधिकरण, विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों सहित ग्रामीणों को अधिक से अधिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित हो सकें। उन्होंने बताया कि सभी बैंक शाखाओं को तैयार रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित करने तथा अधिकाधिक स्वयं सहायता समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक जनपद के सभी 15 विकासखंडों में बैंक शाखा स्तर पर ऋण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला सहकारी बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों की शाखाएं प्रतिभाग करेंगी। संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक एवं खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों के ऋण प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
परियोजना निदेशक ने कहा कि ऐसे वित्तीय साक्षरता एवं ऋण शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिकाधिक लोगों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में सहायता प्राप्त होगी।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
