खिर्सू में ‘किसान दिवस’ पर डीएम ने सुनीं समस्याएं, कृषि सुधार और हॉर्टी-टूरिज्म को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
खिर्सू/ पौड़ी। खिर्सू के सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में ‘किसान दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा कृषकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों एवं कृषकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कृषि क्षेत्र में सुधार हेतु सुझाव प्राप्त किए।

कार्यक्रम में सोलर फेंसिंग, नवाचारी उपकरणों के माध्यम से जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा तथा स्वरोजगार व स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन जैसे सुझाव सामने आए। जिलाधिकारी ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए व्यावसायिक उत्पादन संबंधी प्रस्तावों को जिला योजना में शामिल करने की बात कही। सामूहिक घेरबाड़ को भी जिला योजना में सम्मिलित कर जंगली जानवरों के आतंक को कम करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने न्याय पंचायत प्रभारियों को नियमित गांव भ्रमण और अपने मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की प्रशासन तक सीधी पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई ग्रामसभा अपनी भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उद्योग स्थापना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से भेजती है, तो प्रशासन उस पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा।
किसान अर्जुन सिंह द्वारा कीवी एवं सेब की बागवानी हेतु स्प्रिंकलर की मांग पर जिलाधिकारी ने तत्काल आवेदन भरवाने के निर्देश दिए तथा ड्रिप सिंचाई के मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों की समस्या, घेरबाड़, वर्मी कंपोस्ट क्रय, सिंचाई टैंक, स्ट्रीट लाइट और झाड़ी कटान जैसी मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और डीएफओ को निर्देशित किया कि सभी आवेदन आज ही पूर्ण कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
किसान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने वन विभाग की नर्सरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के पौधों को डिस्प्ले करने, जर्जर भवनों की मरम्मत तथा नए भवनों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि हॉर्टी-टूरिज्म को बढ़ावा मिल सके। रेंजर नक्षत्र शाह को बंदर पकड़ने, झाड़ी कटान और आगामी फायर सीजन को देखते हुए 15 फरवरी से फायर वॉचरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने ‘बासा’ होमस्टे का निरीक्षण कर वहां तक सुगम पहुंच मार्ग का प्रस्ताव भेजने को कहा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कृषक उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
