पौड़ी

धरासू में बहुउद्देश्यीय जनशिविर आयोजित, 25 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर समाधान

एकेश्वर/पौड़ी। ‘जन-जन की सरकार-जन जन के द्वार’ मुहिम के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत धरासू स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक विशाल बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विभिन्न गांवों से आए 527 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन की सेवाओं को सीधे जनता तक पहुँचाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर के दौरान उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। शेष जटिल मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 138 लोगों को सीधे लाभान्वित किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखा गया।

उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने शिविर में लगाए गए 23 विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराना है, इसलिए क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, अधिकारियों को क्षेत्र में ही जनसुनवाई कर समस्याओं के मौके पर निस्तारण की कार्यसंस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट, सहायक प्रबंधक आशुतोष कौशिक सहित राजस्व, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *