यमकेश्वर के इशांत नेगी का राज्य स्तरीय NMMS छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन, गांव व विद्यालय में खुशी
यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्तर पर आयोजित NMMS (राष्ट्रीय योग्यता छात्रवृत्ति योजना) परीक्षा में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना, यमकेश्वर के कक्षा आठ के छात्र इशांत नेगी ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय, ग्राम और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

छात्र के चयन पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी हर्षित हैं। उल्लेखनीय है कि जनपद पौड़ी के दुर्गम श्रेणी के ब्लॉक यमकेश्वर से इस प्रतिष्ठित परीक्षा में मात्र 6 छात्रों का चयन हुआ है, जिनमें इशांत नेगी भी शामिल हैं।
NMMS परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को कक्षा 9 से कक्षा 12 तक अध्ययन अवधि के दौरान प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति राजकोष से प्रदान की जाती है। इशांत नेगी इससे पूर्व मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
छात्र की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान सपना भंडारी, शिक्षक अभिभावक समिति की अध्यक्ष मीना नेगी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंवर सिंह राणा, शिक्षक अशोक क्रेजी, सुकदेव चंद्र एवं श्रीमती अंजना बिष्ट सहित अन्य शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
