ऋषिकेश–नीलकंठ मोटरमार्ग पर घंटों जाम, यात्रियों को भारी परेशानी
पौड़ी। ऋषिकेश–नीलकंठ मोटरमार्ग पर शुक्रवार को दोपहर से लेकर शाम करीब 6–7 बजे तक भारी जाम लगा रहा, जिससे यात्रियों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
उल्लेखनीय है कि बरसात के दौरान जिस स्थान पर पहाड़ी टूटने से एक ट्रक गंगा नदी में समा गया था, उसी क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क पर तीन जेसीबी मशीनों द्वारा कार्य किया जा रहा था। सड़क पर चल रहे इस कार्य के कारण यातायात प्रभावित हुआ और घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि इस मोटरमार्ग पर वीकेंड के दौरान जाम लगना अब आम बात हो गई है। आसपास के रिसॉर्ट्स में ठहरने के लिए दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक सप्ताहांत पर पहुंचते हैं, जिससे यातायात का दबाव अचानक बढ़ जाता है।
लगातार लग रहे जाम से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्कूल, अस्पताल और आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने यातायात व्यवस्था को लेकर शासन–प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि समस्या को लेकर अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है और आम जनता परेशान होती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वीकेंड के दौरान यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक व्यवस्था और पुलिस की तैनाती बढ़ाने की मांग की है, ताकि यात्रियों और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
