घेरुवा गांव में लगा बहुउद्देश्यीय शिविर, 187 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
जयहरीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड जयहरीखाल के घेरुवा गांव में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कुल 567 लोगों ने शिविर में प्रतिभाग किया, जबकि 13 शिकायतें दर्ज की गईं और 187 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभान्वित किया।
ग्रामीणों ने शिविर में प्रमाण पत्र, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि व पशुपालन संबंधी जानकारी, महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल, नोडल अधिकारी शिविर शशि भूषण लिंगवाल, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, सहायक खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र चौहान, एडीओ पंचायत अनूप भंडारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
