घंडियाल न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देशीय शिविर, 172 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
पाबौ (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड पाबौ की न्याय पंचायत घंडियाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय लोगों ने बढ़–चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

आयोजित शिविर में लगभग 503 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 172 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि सरकार की इस पहल से योजनाएं सीधे आमजन तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी न्याय पंचायतों में ऐसे बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, डीपीओ संजीव काला, ग्राम प्रधान सीकू आरती बिष्ट सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
