पौड़ी

अपणी सरकार पोर्टल पर पौड़ी गढ़वाल प्रदेश में अव्वल, 94.69 प्रतिशत प्रकरणों का हुआ निस्तारण

पौड़ी गढ़वाल। पर्वतीय जिलों में सरकारी सेवाओं की सुगमता को लेकर बनी धारणा को पौड़ी गढ़वाल जनपद ने पूरी तरह बदल कर रख दिया है। अपणी सरकार पोर्टल पर जिला रैंकिंग में पौड़ी गढ़वाल ने 94.69 प्रतिशत स्वीकृत प्रकरणों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की प्रभावी पहल, सतत निगरानी और मजबूत प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है।

 

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट ने बताया कि पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पौड़ी गढ़वाल ने ऑनलाइन माध्यम से सर्वाधिक प्रकरणों का सफल निस्तारण किया है। इससे स्पष्ट होता है कि जनपद प्रशासन ने शिकायतों एवं सेवाओं के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के पदभार संभालने के बाद अपणी सरकार पोर्टल को प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाया गया। सभी विभागों को अधिकतम सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की गई और जवाबदेही सुनिश्चित की गई। साथ ही ब्लॉक, तहसील एवं ग्राम स्तर तक कर्मचारियों को पोर्टल के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि शासन द्वारा नागरिकों को पारदर्शी, सरल, समयबद्ध और एकीकृत डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपणी सरकार पोर्टल की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रमाण पत्र, शिकायत निस्तारण और विभिन्न विभागीय सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से सुलभ बनाकर आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना है।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा को धरातल पर उतारते हुए अब वे सभी सेवाएं, जिनके लिए पहले नागरिकों को जिला मुख्यालय आना पड़ता था, अब मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे उपलब्ध हो रही हैं। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता में वृद्धि हुई है तथा शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *