इण्डोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण को ₹34.94 लाख स्वीकृत, कार्य शुरू
पौड़ी गढ़वाल। कण्डोलिया स्थित इण्डोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट की फ़्लोरिंग एवं कोर्ट मैट लगाए जाने के लिए ₹34.94 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। स्वीकृति के उपरांत लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि इण्डोर स्टेडियम में उपलब्ध बैडमिंटन कोर्ट की फ़्लोरिंग लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के दौरान असुविधा हो रही थी। खेल सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कोर्ट के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

स्थानीय खिलाड़ियों, खेल संगठनों एवं युवाओं द्वारा बेहतर इण्डोर खेल सुविधाओं की मांग को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उनके निर्देशन में तकनीकी परीक्षण एवं विभागीय मूल्यांकन के आधार पर बैडमिंटन कोर्ट में आधुनिक फ़्लोरिंग एवं मानक कोर्ट मैट लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए ₹34.94 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई, जिसके बाद कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पुरानी फ़्लोरिंग का विखंडन कार्य प्रगति पर है। इसके पश्चात चरणबद्ध ढंग से आधुनिक, शॉक-एब्ज़ॉर्बिंग फ़्लोरिंग एवं मानक कोर्ट मैट की स्थापना की जाएगी। इस कार्य का उद्देश्य खिलाड़ियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि जनपद के युवा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।
अधिशासी अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल ने बताया कि बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण का कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को टिकाऊ, सुरक्षित एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सतह उपलब्ध हो सके।
कार्य पूर्ण होने के उपरांत कण्डोलिया इण्डोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं का स्तर और बेहतर होगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों एवं युवाओं को आधुनिक एवं सुरक्षित प्रशिक्षण तथा प्रतियोगिता की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
