अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर 11 जनवरी का उत्तराखंड बंद बरकरार
देहरादून। युवा नेता मोहित डिमरी ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद का निर्णय रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा लिया गया था और मंच अपने निर्णय पर यथावत कायम है।

मोहित डिमरी ने सभी व्यापार मंडलों से विनम्र अपील करते हुए कहा कि वे अंकिता के सम्मान में स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। उन्होंने कहा कि यह बंद सिर्फ एक आह्वान नहीं, बल्कि न्याय और सम्मान की लड़ाई है, और इससे यह भी स्पष्ट होगा कि कौन वास्तव में अंकिता के न्याय के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे आंदोलन की एकमात्र मांग है, और यही मांग अंकिता भंडारी के माता–पिता की भी है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए।
मोहित डिमरी ने कहा कि जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा और मंच अपने निर्णयों पर मजबूती से डटा रहेगा।
