पौड़ी

नैनीडांडा की न्याय पंचायत उम्टा में लगा सरकार का दरबार, 6 शिकायतें दर्ज, 225 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

नैनीडांडा/पौड़ी गढ़वाल। नैनीडांडा विकासखंड की न्याय पंचायत उम्टा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

शिविर के दौरान कुल 6 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इसके साथ ही 225 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन, पंजीकरण एवं अन्य औपचारिकताएं भी मौके पर पूरी कीं।

उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से बचाना और गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान करना है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लोकेश सारस्वत, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *