पौड़ी

दुगड्डा – गुमखाल मार्ग 2-लेन होगा, ₹392.52 करोड़ की लागत से एनएच-534 के उन्नयन को स्वीकृति

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में राष्ट्रीय राजमार्ग–534 (पूर्व नाम एनएच–119) के अंतर्गत दुगड्डा से गुमखाल तक 18.10 किलोमीटर लंबाई के मार्ग को पेव्ड शोल्डर सहित 2-लेन में विकसित किए जाने हेतु भारत सरकार द्वारा ₹392.52 करोड़ की लागत स्वीकृत की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य सड़क संपर्क को सुदृढ़ करना तथा क्षेत्रीय आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि यह मार्ग कोटद्वार–लैंसडाउन–पौड़ी–श्रीनगर कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे लैंसडाउन कैंटोनमेंट क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। परियोजना के पूर्ण होने से चारधाम यात्रा के दौरान एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, साथ ही रक्षा आवागमन एवं प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि श्रीनगर से कोटद्वार तक राष्ट्रीय राजमार्ग–534 की कुल लंबाई 135.47 किलोमीटर है, जिसमें से दुगड्डा–गुमखाल खंड के 18.10 किलोमीटर मार्ग को 2-लेन करने की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “कनेक्टिविटी से विकास” के विज़न के अनुरूप यह परियोजना राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा अंतरराज्यीय संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने परियोजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मार्ग के उन्नयन से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन, रोजगार तथा प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी और जनपद के समग्र विकास को गति मिलेगी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *