उत्तराखंड

पाबौ। की न्याय पंचायत पीपली में लगा सरकार का दरबार, 29 शिकायतें दर्ज, 12 का मौके पर निस्तारण

पाबौ/पौड़ी गढ़वाल। राज्य सरकार की पहल जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड पाबौ की न्याय पंचायत पीपली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) गढ़वाल महातिम यादव ने की। इस अवसर पर ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की गई।

शिविर को संबोधित करते हुए डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने कहा कि इस प्रकार के शिविर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर जनसमस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना ही इस अभियान की मूल भावना है। डीएफओ ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

शिविर के दौरान डीएफओ ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए। ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की।

शिविर में कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 108 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लोगों की औपचारिकताएं भी मौके पर पूरी कीं।

इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख राजपाल गुसाईं, नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई मुकेश दत्त, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, एडीओ पंचायत मदन मोहन पहाड़ी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी प्रिया उपाध्याय, डीपीओ संजीव काला सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *