कोटद्वारपौड़ी

मोटर नगर निर्माण को लेकर यूकेडी का कोटद्वार में धरना-प्रदर्शन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) कोटद्वार द्वारा 12 वर्षों से लंबित मोटर नगर निर्माण की मांग को लेकर मोटर नगर क्षेत्र में धरना, प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान यूकेडी नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस पर कोटद्वार के विकास को बाधित करने का आरोप लगाते हुए मोटर नगर बस अड्डे के शीघ्र निर्माण की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं संरक्षक डॉ. शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि वर्ष 2001 से यूकेडी का लक्ष्य रहा है कि कोटद्वार को स्वच्छ और सुंदर नगर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने देवी रोड स्थित मोटर नगर को राज्य स्तरीय बस टर्मिनल एवं सुंदर मार्केट के रूप में विकसित किए जाने की बात दोहराते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस की निर्माण विरोधी नीतियों के कारण कोटद्वार का वास्तविक विकास नहीं हो सका।

डॉ. कपरवाण ने कहा कि 2013 के बाद पहली बार नगर आयुक्त कोटद्वार द्वारा मोटर नगर निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और नेताओं पर कानूनी कार्रवाई के लिए अधिवक्ताओं की राय लेने जैसी बात कही गई है, जो केवल कामचलाऊ बयान प्रतीत होता है। इससे स्पष्ट है कि नगर निगम कोटद्वार के अधिकारी और शहरी विकास विभाग के मंत्री मोटर नगर बस अड्डे का निर्माण नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि यूकेडी के दबाव में अंततः मोटर नगर का निर्माण करना ही पड़ेगा।

यूकेडी के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह रावत ने मोटर नगर निर्माण में देरी के लिए वर्ष 2013 से अब तक के कोटद्वार के विधायकों और सांसदों को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने मोटर नगर निर्माण को राजनीति का शिकार बना दिया है। साथ ही उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित पारस्परिक मित्रता को नगर निगम के लिए घातक बताया।

महानगर अध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत ने नगर निगम, मेयर, अधिकारियों एवं शहरी विकास मंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र मोटर नगर का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो उत्तराखंड क्रांति दल बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

यूकेडी नेता सत्य प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य मोटर नगर का निर्माण नहीं, बल्कि वर्ष 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए केवल खोखले बयान देना है।

धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता प्रवेश चंद्र नवानी, सत्यपाल सिंह नेगी, हरीश द्विवेदी, भारत मोहन काला, पुष्कर सिंह रावत, पंकज उनियाल, अशोक कंडारी, सतपाल नेगी, प्रदीप नेगी, विनोद चौधरी, दीपक, हरेंद्र रावत, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, कुलदीप तोमर, नरेंद्र नेगी, बिनोद अग्रवाल, संजू कश्यप, इकरामुद्दीन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *