कोटद्वार में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार स्थित गब्बर सिंह कैंप में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती रैली में जनपद देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली के युवा प्रतिभाग करेंगे। भर्ती रैली को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूर्व में ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने भर्ती स्थल पर यातायात प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा ठहराव की समुचित व्यवस्था पर विशेष जोर दिया था। इन्हीं निर्देशों के क्रम में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि भर्ती में तैनात सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपना ड्यूटी ऑर्डर अनिवार्य रूप से साथ रखें। उन्होंने भर्ती स्थल तक पहुंचने के लिए स्पष्ट रूट निर्धारित करने और उसकी जानकारी प्रमुख स्थानों पर चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परिवहन विभाग को बस अड्डों एवं टैक्सी स्टैंड से भर्ती स्थल तक पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने तथा वाहनों का शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात जाम की स्थिति से बचा जा सके। साथ ही सेना के साथ समन्वय कर रूट प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोटद्वार को निर्देश दिए कि भर्ती आयोजन में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, ताकि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल साझा कर समाधान किया जा सके। नगर आयुक्त कोटद्वार को भर्ती स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पर्यावरण मित्रों की तैनाती करने को कहा गया। इसके साथ ही सेना के साथ समन्वय कर प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय तथा अलाव की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को भर्ती रैली के दौरान चिकित्सकों की तैनाती एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को पेयजल टैंकरों की व्यवस्था, जबकि लोक निर्माण विभाग को टेंट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भर्ती में आने वाले युवाओं के ठहराव की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक स्थानों पर सेना के साथ समन्वय कर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला अभिहित अधिकारी को होटल, रेस्टोरेंट एवं भोजनालयों में भोजन की गुणवत्ता की जांच करने और निर्धारित शुल्क लागू कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, अभिहित अधिकारी संदीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
