ल्वाली न्याय पंचायत में जन–जन की सरकार शिविर: 39 शिकायतें दर्ज, 113 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देशन एवं जिलाधिकारी के आदेशानुसार विकासखंड पौड़ी के अंतर्गत न्याय पंचायत ल्वाली में बुधवार को जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।

शिविर के दौरान कुल 39 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए। इसके साथ ही 113 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से पेयजल से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने मौके पर निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को छोटी-छोटी समस्याओं का भी तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही हो, ताकि लोगों को बार-बार मुख्यालय न आना पड़े। इसके लिए अधिकारियों को फील्ड में जाकर जनता से सीधे संवाद करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय जरूरी है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा 5 किशोरी किट, 2 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, साथ ही 1 गोद भराई और 1 अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। एनआरएलएम के तहत महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह एवं डांडा नागराजा स्वयं सहायता समूह को 3-3 लाख रुपये के सीसीएल चेक प्रदान किए गए। ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत नीतू देवी और सुशीला देवी को 75-75 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा 5 जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित किए गए।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, बाल विकास, सैनिक कल्याण, एनआरएलएम, राजस्व सहित 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। आधार कैंप के माध्यम से 10 लोगों के आधार अपडेट भी किए गए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. बी.एस. जंगपांगी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
