क्रिकेट के चौके-छक्कों और लोकगायक राकेश टम्टा के गीतों से बमोली में छाया खेल उत्सव
द्वारीखाल। ओम युगम फाउंडेशन एवं बमोली क्रिकेट समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट लीग इन दिनों क्षेत्र में खेल भावना, आपसी भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन गई है। 6 जनवरी को खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया और गांव-गांव में क्रिकेट उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

दिन का पहला मुकाबला जयहरीखाल और पछीं के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पछीं की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। टीम की ओर से यतेंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 रन नाबाद बनाए, जबकि सुनील ने 20 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयहरीखाल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9.4 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 129 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। जयहरीखाल की ओर से रोहित ने 88 रन की नाबाद और विस्फोटक पारी खेली, जबकि अमित ने 29 रनों का अहम योगदान दिया। रोहित को इस मैच का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला चेलूसैंण और विजयनगर के बीच खेला गया। चेलूसैंण की ओर से लव्वि ने शानदार 63 रन बनाए, वहीं राहुल ने 21 रनों की उपयोगी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विजयनगर की टीम मात्र 67 रनों पर सिमट गई। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए लव्वि को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दिन का तीसरा मुकाबला नकुर्चि और काण्डाखाल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर नकुर्चि ने बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाए। नकुर्चि की ओर से हिमांशु ने 26 रन और कुलदीप ने 21 रन बनाए। जवाब में काण्डाखाल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 4.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 78 रन बनाकर मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। काण्डाखाल की ओर से काकू ने 57 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मोहित ने 15 रन बनाए। इस मैच में काकू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ओम युगम फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस ग्रामीण क्रिकेट लीग ने गांवों में सकारात्मक और उत्सवपूर्ण माहौल बना दिया है। युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ बुजुर्ग और बच्चे भी बड़ी संख्या में मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
इस लीग का विशेष आकर्षण लोकगायक राकेश टम्टा द्वारा गाया गया थीम सॉन्ग भी बना हुआ है, जो खिलाड़ियों और दर्शकों में नई ऊर्जा भर रहा है। ग्रामीण क्रिकेट लीग क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में उभर रही है।
