उत्तराखंड

बमोली प्रीमियर लीग का शानदार आगाज़, भिलडगांव ने पहला मुकाबला 4 विकेट से जीता

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बमोली प्रीमियर लीग का शुभारंभ 5 जनवरी को पहले लीग मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच खैण्डोड़ी और भिलडगांव टीमों के बीच खेला गया, जिसमें भिलडगांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की।

मैच का उद्घाटन ग्राम प्रधान सपना देवी एवं द्वारीखाल ब्लॉक की कनिष्ठ प्रमुख कौशल्या देवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे। मैदान में दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खण्डोड़ी टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 100 रन बनाए। टीम की ओर से मनोज ने सर्वाधिक 42 रन की शानदार पारी खेली। वहीं जयसिंह ने 17 रन और विश्वजीत ने 12 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भिलडगांव टीम ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए 11.2 ओवर में 104 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भिलडगांव की जीत में टोनी का अहम योगदान रहा। उन्होंने 22 रन की उपयोगी पारी खेलने के साथ-साथ 3 विकेट झटककर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

उल्लेखनीय है कि बमोली प्रीमियर लीग को ओम युगम फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है। फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना और स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *