पुल्यासू न्याय पंचायत में जन–जन की सरकार कार्यक्रम, अर्जुन नेगी ने उठाए मूलभूत मुद्दे
द्वारीखाल। मंगलवार को पुल्यासू न्याय पंचायत में आयोजित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य सुराड़ी अर्जुन नेगी ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है, जिसके कारण सीएससी सेंटर, सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों सहित अन्य सेवाओं के संचालन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क स्लो होने से सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने मांग की कि कम जनसंख्या वाले गांवों को भी मोटरमार्ग से जोड़ा जाए, क्योंकि पलायन के चलते कई गांवों की आबादी घट चुकी है। सड़क सुविधा न होने से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही हैं। अर्जुन नेगी ने कहा कि मोटरमार्ग बनने से पलायन पर रोक लगेगी और गांवों में रहने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके साथ ही उन्होंने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आए दिन जंगली जानवरों द्वारा इंसानों और पालतू पशुओं पर हमले किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं और पलायन को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि विभाग को और अधिक मुस्तैद किया जाए, ताकि जानलेवा हमलों पर रोक लगाई जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
