देहरादून

सीबीआई जांच की मांग को मिला भाजपा नेता का समर्थन, पूर्व विधायक विजया बड़थ्वाल ने समर्थन में तोड़ी चुप्पी

देहरादून। यमकेश्वर विधानसभा की पूर्व विधायक विजया बड़थ्वाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करते हुए पत्र लिखकर इस प्रकरण की केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है। तीन बार यमकेश्वर से विधायक रह चुकी विजया बड़थ्वाल द्वारा इस मुद्दे पर सामने आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

पूर्व विधायक विजया बड़थ्वाल ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में न्याय होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि न्याय होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जनता के विश्वास के लिए आवश्यक है।

इस घटनाक्रम के बाद भाजपा के भीतर से भी सीबीआई जांच की मांग के स्वर उठने लगे हैं, जिससे यह मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। राजनीतिक हलकों में इसे सरकार और संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

पूर्व विधायक के इस बयान के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को और बल मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *