कोटद्वारपौड़ी

हत्याकांड को लेकर कोटद्वार में यूकेडी की रैली, दोषियों को कठोर सजा की मांग

कोटद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के सर्वोच्च नेता डॉ. शक्ति शैल कपरवाण के नेतृत्व में देवी रोड पर एक रैली आयोजित की गई। रैली में अंकिता के सभी हत्यारों, हत्या में संरक्षण देने वाले तथा षड्यंत्रकारियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की गई।

रैली देवी रोड से प्रारंभ होकर तड़ियाल चौक पर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा अंकिता को न्याय दिलाने के लिए नारे लगाए गए।

तड़ियाल चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यूकेडी के संरक्षक डॉ. शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में शामिल सभी हत्यारों, षड्यंत्रकारियों और हत्या में संरक्षण देने वाले अपराधियों के खिलाफ निरंतर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी दोषियों को कठोर सजा नहीं मिल जाती, तब तक उत्तराखंड क्रांति दल का आंदोलन जारी रहेगा।

डॉ. कपरवाण ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 अंकिता के हत्यारों के लिए बेहद कठिन साबित होगा और उन्हें उनके कृत्य की कड़ी सजा अवश्य मिलेगी।

इस अवसर पर यूकेडी के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह रावत, सत्य प्रकाश भारद्वाज, सतपाल नेगी, जगदीपक सिंह रावत, प्रवेश चंद्र नवानी, भारत मोहन काला, पुष्कर रावत, हरीश द्विवेदी, पंकज डबराल, अनूप कंडारी, नरेंद्र नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *