घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर सख्ती, 129 होटल–ढाबों की जांच में 19 मामलों में 43,700 रुपये जुर्माना
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए बुधवार को खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कुल 129 होटल–ढाबों की जांच की गई, जिसमें घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के 19 मामले सामने आए। विभाग द्वारा मौके पर ही कुल 43 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पौड़ी नगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र बडोला के नेतृत्व में 24 होटल व ढाबों का निरीक्षण किया गया, जहां नौ घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 20 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दुगड्डा क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कृष्ण बौंठियाल की टीम ने 14 होटलों की जांच की। उफरैंखाल क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शशिबाला रावत एवं विशेष राठौड़ के नेतृत्व में 11 होटलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें एक घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2 हजार 300 रुपये का जुर्माना किया गया।
खोलाचौरी एवं घुड़दौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत की टीम ने 14 होटलों की जांच की। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कैंतुरा के नेतृत्व में 19 होटलों का निरीक्षण किया गया, जहां सात घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 16 हजार 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करण सिंह क्षेत्री की टीम ने 24 होटलों का निरीक्षण कर दो घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 4 हजार 600 रुपये का जुर्माना किया।
नीलकंठ एवं लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी एवं दिव्या मुखिया के नेतृत्व में 23 होटलों की जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
