पौड़ीसतपुली

राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों की भरमार, मुख्यमंत्री के “गड्ढामुक्त अभियान” पर उठे सवाल

पौड़ी/सतपुली। सतपुली को पौड़ी को जोड़ने वाले कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग की लगातार हालत बद से बदतर होती जा रही है। सतपुली में पुल पार करते ही सड़क पर जगह–जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

यह मार्ग न केवल स्थानीय लोगों बल्कि अधिकारियों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के आवागमन का भी प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद सड़क की जर्जर स्थिति में अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया गया है।

गड्ढों के कारण इस मार्ग पर चलने वाले भारी वाहनों के साथ-साथ सबसे अधिक खतरा दुपहिया वाहन सवारों को बना हुआ है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक और स्कूटी सवारों का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है, वहीं सामने से आ रहे भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान गड्ढे दिखाई न देने से हालात और भी जानलेवा हो जाते हैं, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार–बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से केवल खानापूर्ति की जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे “गड्ढामुक्त अभियान” पर भी इस मार्ग की स्थिति सवाल खड़े कर रही है।

यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य नहीं किया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय जनता ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *