पौड़ी

जिलाधिकारी ने अंबेडकर छात्रावासों का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य, भोजन व सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद मुख्यालय स्थित बालिका एवं बालक अंबेडकर छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की स्वास्थ्य, भोजन एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बुधवार को किए गए निरीक्षण में जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया को निर्देशित किया कि दोनों छात्रावासों में माह में कम से कम एक बार चिकित्सकों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने मेस व्यवस्था को सुदृढ़ करने, निर्धारित मेनू तैयार कर उसे प्रदर्शित करने तथा मेनू के अनुरूप पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता में और सुधार लाने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा बर्तनों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाथरूम, कमरों एवं मेस की मरम्मत कराने के साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, वॉशरूम एवं विद्युत व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। छात्राओं से संवाद कर उन्होंने छात्रावास की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पुस्तकों की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी से आवश्यक पुस्तकों की सूची प्रस्तुत करने को कहा, ताकि शीघ्र पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही वॉशरूम की छत एवं दीवारों में सीलन की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप दोनों छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, बेहतर भोजन व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा आवश्यक मरम्मत कार्य, खेल सामग्री एवं पुस्तकों की व्यवस्था शीघ्र पूरी की जाएगी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *