पौड़ी

चार न्याय पंचायतों में लगे बहुउद्देश्यीय शिविर, 370 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत 122 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का त्वरित निस्तारण

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विकासखंड एकेश्वर, कल्जीखाल, थलीसैंण एवं द्वारीखाल की चार न्याय पंचायतों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से प्रशासन ने सीधे गांवों तक पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

इन शिविरों में कुल 122 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेजा गया। साथ ही 370 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत खरीक में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी यमकेश्वर चतर सिंह चौहान ने की। यहां 61 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनका निस्तारण किया गया तथा 197 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं।

विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत गोर्ली में आयोजित शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने की। यहां 27 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 62 लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इन शिविरों से ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत दिवई में आयोजित शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। शिविर में 05 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया, जबकि 53 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने की अपील की।

वहीं विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत चौरा में मिलन केंद्र चाकीसैंण में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने की। यहां 29 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 58 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविरों में समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, बाल विकास, खाद्य आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर संबंधित विकासखंडों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *