जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत मेलधार न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित
पौड़ी गढ़वाल। “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत मेलधार में सोमवार को बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 73 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार यह अभियान 18 दिसंबर से जनपद की सभी 115 न्याय पंचायतों में क्रमवार रूप से संचालित किया जा रहा है, जो 18 मार्च तक जारी रहेगा। इसी क्रम में आयोजित मेलधार शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी बीरोंखाल कृष्णा त्रिपाठी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।
उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने कहा कि “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को जनता के निकट लाना है, ताकि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, जिससे जनसामान्य को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
शिविर में कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, सैनिक कल्याण, समाज कल्याण, सहकारिता, पंचायती राज, खाद्य एवं आपूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्या बमराड़ी रजनी रावत, ग्राम प्रधान मेलधार दर्शनी देवी, ग्राम प्रधान चोपता राजेश्वरी देवी, ग्राम प्रधान डुमलोट जय सिंह, ग्राम प्रधान बूंगीधार कैलाश चंद्र, नोडल अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह बुटोला, सुपरवाइजर बाल विकास आशा रावत, एडीओ पंचायत राजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
