पौड़ी

किसान दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ, पौड़ी जनपद के सभी 15 विकासखंडों में आयोजित हुए किसान मेले

पौड़ी। किसान दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ आज जनपद चमोली के विकासखंड कर्णप्रयाग से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत सभी 15 विकासखंडों में किसान दिवस कार्यक्रम एवं किसान मेलों का आयोजन किया गया।

जनपद पौड़ी के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कृषकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन को लाइव माध्यम से सुना। विकासखंड दुगड्डा में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं उपस्थित रहीं और उन्होंने किसानों से संवाद किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि से जुड़े नवाचार, आधुनिक तकनीक एवं योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में कई ऐतिहासिक योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं प्राकृतिक खेती जैसे कार्यक्रमों से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि किसान दिवस जैसे कार्यक्रम किसानों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को लाभपरक योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही उन्नत एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सिंचाई सुधार हेतु ड्रिप एवं स्प्रिंकलर व्यवस्था, घेरवाड़ एवं फेंसिंग, कृषि यंत्रीकरण के अंतर्गत आवश्यक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने पर भी जोर दिया। उन्होंने फील्ड अधिकारियों को ग्रामों का भ्रमण करने एवं उनके संपर्क नंबर पंचायत भवनों में प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने उद्यान विभाग को फल, सब्जी एवं मसाला उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु उच्च मूल्य की फसलों, पॉलीहाउस एवं शेडनेट हाउस, पौध वितरण, बागवानी विस्तार कार्यक्रम, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन योजनाओं की जानकारी किसानों को देने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि विभाग को जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 15 विकासखंडों में किसान मेलों के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं लाभकारी कार्यक्रमों से लाभान्वित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया तथा किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु निर्देश दिए गए।

जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने कहा कि खेती से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी विभाग को दें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने किसानों से कृषि क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों के दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, बाल विकास, डेयरी, उद्योग केंद्र, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान परियोजना, सहकारिता सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही किसानों को लाभान्वित भी किया गया। किसान दिवस के आयोजन से जनपद पौड़ी के कृषकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके अतिरिक्त विकासखंड यमकेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, पाबौ में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, कोट विकासखंड में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित जनपद के सभी विकासखंडों में विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों ने किसान दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सूरज सिंह नेगी, नगर पालिका अध्यक्षा शांति बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनील सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य सीला सीमा भंडारी, प्रमिला बलूनी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी विद्यादत्त रतूड़ी, उद्यान विशेषज्ञ पंकज पटवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, उद्योग प्रबंधक उपासना सिंह, कृषि भूमि संरक्षण अधिकारी राजबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज भट्ट ने किया।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *