देहरादून

देहरादून में त्रिपुरा के 17 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की हत्या से जनमानस आक्रोशित, 30 दिसंबर को कैंडल मार्च

देहरादून। त्रिपुरा से पढ़ाई के लिए देहरादून आए 17 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की नृशंस हत्या की घटना ने देवभूमि उत्तराखंड को शर्मसार कर दिया है। जानकारी के अनुसार कुछ युवकों द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर एंजेल पर हमला किया गया, जिसमें उसकी जान चली गई। इस दर्दनाक घटना से प्रदेशभर में शोक, शर्मिंदगी और गहरा आक्रोश व्याप्त है।

घटना के विरोध में तथा दिवंगत एंजेल चकमा को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार, 30 दिसंबर 2025 को शाम 5 बजे गांधी पार्क, देहरादून से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कैंडल मार्च के माध्यम से अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की जाएगी और समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

आयोजकों ने प्रदेशवासियों, छात्र संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एकजुट आवाज बुलंद की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *