थलीसैंण–बीरोंखाल मार्ग पर प्रशासन व परिवहन विभाग का संयुक्त जांच अभियान, 3 वाहनों के चालान
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत थलीसैंण से बीरोंखाल मोटर मार्ग पर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मंगल सिंह की उपस्थिति में किया गया।
अभियान के दौरान कुल 14 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 03 वाहन बिना वैध कागजात, टैक्स एवं हिल ट्रैवलिंग सर्टिफिकेट के संचालित पाए गए। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से इस प्रकार के संयुक्त जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक वैध दस्तावेज अपने साथ रखें, हेलमेट व अन्य सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
