पौड़ीसतपुली

नयार घाटी को विकास की नई पहचान दे रही सरकार: सतपाल महाराज

पौड़ी/सतपुली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे हैं। यह बात कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सतपुली नगर पंचायत में आयोजित दसवें नयार घाटी पंचायत महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए कही।

उन्होंने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है, जबकि 1 करोड़ 61 लाख 44 हजार रुपये की लागत से नगर पंचायत भवन का निर्माण किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार सतपुली सहित सम्पूर्ण नयार घाटी को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 76 लाख रुपये की लागत से दंगलेश्वर महादेव मंदिर में स्नानागार निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसके अतिरिक्त सतपुली में 2 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सुलभ शौचालय एवं पार्किंग का निर्माण किया गया है।

ओडल बड़ा में 76 लाख रुपये की लागत से गौशाला निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं पर्यटन विभाग द्वारा 4 करोड़ 42 लाख 65 हजार रुपये की लागत से 40 शैयाओं वाले पर्यटन आवास गृह का निर्माण कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। नगर पंचायत क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु 3 करोड़ 52 लाख 53 हजार रुपये की लागत से कार पार्किंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा 2 करोड़ 37 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निरीक्षण भवन एवं डोरमेट्री का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु 25 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से सतपुली नगरीय पम्पिंग पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही गुमखाल से सतपुली के मध्य मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 400 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ निर्माण कार्य जारी है, जबकि पूर्व में इस मार्ग के नवीनीकरण पर 6 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नयार घाटी का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसे धरातल पर उतारने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

इसके पश्चात उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि अटल जी का सम्पूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सिद्धांतों, संस्कारों और संवाद की राजनीति को नई दिशा दी। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पड़ोसी देशों से संवाद की नीति उनके दूरदर्शी नेतृत्व के ऐतिहासिक उदाहरण हैं।

कार्यक्रम में लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत, नगर पंचायत सतपुली अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, सिंचाई सलाहकार ऋषि कंडवाल, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *