पौड़ी

कोट विकासखंड की न्याय पंचायत कोट में बहुउद्देशीय शिविर, 250 लाभार्थी हुए लाभान्वित

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी परिणाम दे रहा है। इसी क्रम में शनिवार को विकासखंड कोट की न्याय पंचायत कोट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की, जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से कुल 250 पात्र लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से लोक निर्माण, पेयजल, राजस्व, वन, स्वास्थ्य सेवाएं, उद्यान एवं खाद्य आपूर्ति विभागों से संबंधित रहीं।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यह विशेष अभियान ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने जानकारी दी कि यह विशेष अभियान 18 दिसंबर से 18 मार्च तक जनपद की 115 न्याय पंचायतों में क्रमवार रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक सरकारी सेवाएं और योजनाएं पहुंच सकें।

शिविर के नोडल अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई है तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दिया गया है।

शिविर में उद्यान, वन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, खाद्य एवं पूर्ति, कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों द्वारा सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए। उद्यान विभाग द्वारा 25, ग्रामोत्थान परियोजना द्वारा 40, कृषि विभाग द्वारा 15 तथा पशुपालन विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 65 तथा आयुष यूनानी विभाग द्वारा 60 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा राजस्व विभाग द्वारा 25 लाभार्थियों को योजनागत लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कोट गणेश कोहली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेन्द्र भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, क्षेत्र पंचायत सदस्य मधु देवी एवं सूरज सिंह चौहान, ग्राम प्रधान प्रियंका, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, ईई विद्युत अभिनव रावत, बीडीओ शिव सिंह भंडारी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह रावत, उप शिक्षाधिकारी भारती गैरोला, एमओआईसी डॉ. उपेंद्र पंवार, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अनिल कुमार, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, प्रभारी सीडीपीओ गीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *