न्याय पंचायत गुनेड़ी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 21 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 243 लोग लाभान्वित
पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत गुनेड़ी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों द्वारा कुल 25 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 21 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 243 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को जिला एवं तहसील मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
न्याय पंचायत गुनेड़ी में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विभाग जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, जिला सहकारिता, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से 243 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रिखणीखाल रेनू रावत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई सुधीर ममगाईं, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, खंड विकास अधिकारी देवेश पंत, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुनील कोटनाला, ग्राम प्रधान गुनेड़ी सतेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान तिमलसैंण नीलम देवी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
