दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल
पौड़ी/कोटद्वार। विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत सुंदरियाल वेडिंग पॉइंट, पदमपुर कोटद्वार में समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के तत्वावधान में “दिव्यांग सहायता उपकरण वितरण एवं बहुउद्देशीय कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित हुए, जहां विभिन्न विभागों द्वारा दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु भूषण खंडूरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि उनके जीवन में हर्ष, उल्लास और सकारात्मकता लाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए समाज और सरकार के संयुक्त प्रयास बेहद जरूरी हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक दिव्यांगजन में कोई न कोई विशेष कौशल होता है, जिसे पहचानकर विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में दिव्यांगजनों को उपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। सरकार का निरंतर प्रयास है कि दिव्यांगजनों को समाज में सम्मानजनक स्थान मिले और उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग का प्रयास है कि जनपद के प्रत्येक जरूरतमंद दिव्यांगजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें पूर्ण लाभ मिल सके। उन्होंने दिव्यांग पेंशन योजना, दिव्यांग बच्चों की छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान योजना तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि पात्र दिव्यांगजनों को पारदर्शी ढंग से लाभ प्रदान किया जाएगा।
शिविर में यूडीआईडी कार्ड करेक्शन एवं अपडेट, आधार नामांकन एवं अद्यतनीकरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र निर्माण तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा दिव्यांगजनों की पहचान एवं सहायता उपकरणों से संबंधित स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम में सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल सहित समाज कल्याण विभाग, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
