उत्तराखंड

लैंसडॉन विधायक महंत दिलीप रावत ने कुमाल्डी विद्यालय में छात्रों को वितरित किए ट्रैक सूट व खेल सामग्री

पौड़ी/रिखणीखाल। विधानसभा लैंसडाउन के विधायक महंत दिलीप रावत ने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए शनिवार 26 दिसंबर 2025 को विकासखंड रिखणीखाल स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुमाल्डी में अध्ययनरत सभी छात्रों को अपनी ओर से ट्रैक सूट एवं खेल सामग्री वितरित की।

 

कार्यक्रम के दौरान विधायक महंत दिलीप रावत ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान से संभव नहीं है, बल्कि खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां भी उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें।

विधायक ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक हैं।

इस अवसर पर ग्राम सभा कुमाल्डी एवं झर्त के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस सहयोग के लिए विधायक महंत दिलीप रावत का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *