पौड़ी

महाराज ने चौबट्टाखाल को दी 26 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पीएमजीएसवाई स्टेज-4 के अंतर्गत 11 मोटर मार्गों को भी मिली स्वीकृति

पौड़ी/पोखड़ा। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल को लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। वे विकासखंड पोखड़ा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में शीघ्र ही विज्ञान विषय प्रारंभ किए जाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कई मोटर मार्गों के विस्तार, पुनर्निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें दमदेवल गडरी–झलपाड़ी, भरतपुर–सुंदरई, चलकुडिया–मसमोली–सकनोली–नोखोली, कुण्जखाल–बरसुण्डा, संगलाकोटी–बोन्दरखाल, कोलाखाल–जजेडी सहित कुल 08 सड़क योजनाएं शामिल रहीं।

इसके अतिरिक्त उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में विकासखंड पोखड़ा एवं एकेश्वर में निर्मित पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही देवराड़ी ग्राम मल्ली में स्प्रिंकलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास तथा पाखरी गांव में सोलर ऑनग्रिड लिफ्ट सिंचाई योजना का लोकार्पण भी किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि पाबौ, एकेश्वर, बीरोंखाल और पोखड़ा विकासखंडों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYSY) स्टेज-4 के अंतर्गत ₹10480.49 लाख की लागत से 11 मोटर मार्गों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर शीघ्र ही कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।

इस अवसर पर उन्होंने राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास एवं विद्यालय भवन मरम्मत कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, एसडीएम रेखा आर्य, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *