नैनीडांडा की न्याय पंचायत उतिंडा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
पौड़ी/नैनीडांडा। उत्तराखंड सरकार द्वारा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत उतिंडा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 31 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 12 शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। शिविर के माध्यम से 181 पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित कर रहे हैं।
शिविर में दर्ज अधिकांश शिकायतें वन विभाग, कृषि विभाग, मोबाइल नेटवर्क, लोक निर्माण विभाग एवं पशुपालन विभाग से संबंधित रहीं। लाभान्वित किए गए लोगों में स्वास्थ्य विभाग से 26, उद्यान विभाग से 14, कृषि विभाग से 18, बाल विकास विभाग से 12, एनआरएलएम से 23, पशुपालन विभाग से 12, कृषिल फाउंडेशन (वित्तीय समावेशन, आरबीआई) से 20, सैनिक कल्याण विभाग से 11, पंचायतीराज विभाग से 18, राजस्व विभाग से 10 तथा ग्राम्य विकास विभाग से 17 पात्र लाभार्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, नोडल अधिकारी शिविर एवं उद्यान विशेषज्ञ मनोज पटवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मनीष गुसाईं, ग्राम प्रधान उतिंडा मनोज रावत, ग्राम प्रधान कफल्टना मनोज मधवाल, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. आराधना रावत सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
