द्वारीखालपौड़ी

द्वारीखाल ब्लॉक के दशमेरी मोटरमार्ग को मिली केंद्र सरकार की मंजूरी, ग्रामीणों में खुशी की लहर

पौड़ी। द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित दशमेरी मोटरमार्ग को अंततः केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल गई है। 26 दिसंबर 2025 को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा मोटरमार्ग निर्माण हेतु 0.54 हेक्टेयर वन भूमि प्रत्यावर्तन को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई। इस निर्णय के बाद दशमेरी सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जिस सड़क का इंतजार किया जा रहा था, उसकी मंजूरी मिलना बड़ी उपलब्धि है, हालांकि जब तक सड़क गांव तक नहीं पहुंच जाती, तब तक यह सपना ही प्रतीत हो रहा है।

सुराड़ी न्याय पंचायत से जिला पंचायत चुनाव लड़ चुके आशीष नेगी उर्फ शैलू भाई ने बताया कि दशमेरी गांव के लिए मोटरमार्ग की स्वीकृति यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गांव से मोटर सड़क तक पहुंचने के लिए लोगों को खड़ी चढ़ाई के साथ 300 से अधिक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जिससे बीमारों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

आशीष नेगी ने बताया कि बीमारों को अस्पताल पहुंचाने, प्रसूता महिलाओं के उपचार, बच्चों के टीकाकरण, शिक्षा, रोजमर्रा की जरूरतों, बैंक व पोस्ट ऑफिस से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते थे। कई बार समय पर इलाज न मिल पाने से गंभीर परिणाम सामने आए, जिसकी पीड़ा आज भी ग्रामीणों के मन में है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट को देते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों, मजबूत पैरवी और सरकार के साथ बेहतर समन्वय के चलते ही दशमेरी मोटरमार्ग को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल पाई है।

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार दशमेरी मोटरमार्ग की कुल लंबाई लगभग 4 किलोमीटर होगी। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), लैंसडौन द्वारा किया जाएगा। वन स्वीकृति के बाद शेष औपचारिकताएं पूर्ण होते ही शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

आशीष नेगी ने कहा कि सड़क बनने से दशमेरी और आसपास के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में लंबे समय से हो रहे पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई स्वीकृति पर्यावरणीय शर्तों के साथ है। सड़क निर्माण के दौरान क्षतिपूरक वनीकरण किया जाएगा तथा वन भूमि की कानूनी स्थिति यथावत रखी जाएगी, जिससे विकास के साथ पर्यावरण संतुलन भी बना रहेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि दशमेरी मोटरमार्ग की स्वीकृति किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्रीय विधायक सहित केंद्र व राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *