कोटद्वारपौड़ी

सनेह में प्रस्तावित बर्ड फेस्टिवल स्थल का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

वन और पर्यटन विभाग को आकर्षक एवं सहभागी आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश

पौड़ी/कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को तहसील कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में प्रस्तावित बर्ड फेस्टिवल के आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फेस्टिवल को प्रभावी, आकर्षक और सहभागी बनाते हुए इसकी समग्र रूपरेखा तैयार की जाए।

जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को दो दिवसीय फेस्टिवल के लिए विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए, जिसमें स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों के संरक्षण, पहचान और जागरुकता कार्यक्रमों को विशेष प्राथमिकता मिले। उन्होंने बर्ड वॉक और प्रकृति भ्रमण हेतु उपयुक्त मार्गों के चिन्हांकन के साथ–साथ प्रत्येक स्थल पर स्थानीय पक्षी प्रजातियों का सूचनात्मक विवरण प्रदर्शित करने को कहा, ताकि आगंतुकों को क्षेत्र की जैव विविधता की समग्र जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने फेस्टिवल में बर्ड फोटोग्राफी प्रदर्शनी आयोजित करने और उत्कृष्ट फोटोग्राफरों को सम्मानित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल पक्षी संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाएगा, बल्कि सनेह क्षेत्र की जैव विविधता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में भी सहायक होगा।

उन्होंने पर्यटन विभाग को बर्ड वॉचर्स ग्रुप, पक्षी प्रेमियों तथा प्रकृति-फोटोग्राफरों को कार्यक्रम में शामिल करने की रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, अधिकाधिक प्रकृति-प्रेमियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्रचार-प्रसार को प्रभावी रूप से उपयोग करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों के लिए पक्षी पहचान कार्यशाला, चित्रकला प्रतियोगिता और जागरुकता कार्यक्रम जोड़ने का सुझाव दिया, जिससे युवा पीढ़ी में प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।

डीएम भदौरिया ने कहा कि आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा जैसी आधारभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ। साथ ही स्थानीय समुदाय, महिला समूहों और स्वयं सहायता समूहों को सहभागी बनाते हुए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाने का अवसर प्रदान किया जाए, जिससे क्षेत्र की आजीविका को भी बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को फेस्टिवल के दौरान वन्यजीव सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की विस्तृत तैयारी करने के निर्देश भी दिए।

बर्ड-वॉचिंग पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है सनेह

जिलाधिकारी ने कहा कि सनेह क्षेत्र का प्राकृतिक परिवेश और पारिस्थितिक विविधता बर्ड-वॉचिंग पर्यटन के लिए अत्यंत अनुकूल है। योजनाबद्ध प्रयासों के तहत यह क्षेत्र राज्य के प्रमुख बर्ड-वॉचिंग स्थलों में उभर सकता है।

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन वन प्रभाग जीवन मोहन दगाड़े, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *