पौड़ी

कल्जीखाल में 7 दिसम्बर को आयोजित होगा विधिक सेवा प्राधिकरण का बहुउद्देशीय शिविर

सूचना, जागरूकता और त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी

पौड़ी। मा. उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के प्लान ऑफ एक्शन तथा मा. जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में 7 दिसम्बर 2025 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे, विकास खण्ड परिसर, कल्जीखाल में नालसा द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में एक बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर की तैयारियों को लेकर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में पराविधिक स्वयंसेवकों एवं अधिकार मित्रों के साथ एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिभागियों को शिविर से संबंधित दायित्व, कार्य-विभाजन, संगठनात्मक प्रक्रिया तथा जन-संपर्क गतिविधियों के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए गए।

इस अवसर पर कल्जीखाल क्षेत्र के सभी पराविधिक स्वयंसेवकों एवं अधिकार मित्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शिविर को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों की वास्तविक समस्याओं की पहचान, उन्हें निशुल्क विधिक परामर्श प्रदान करना तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सामूहिक प्रयास सुनिश्चित करना है।

शिविर में शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, उद्यान, राजस्व, श्रम, उद्योग, पंचायत राज, जिला विकास, पूर्ति, स्वास्थ्य, स्वजल, विद्युत, खाद्य एवं आपूर्ति, जल संस्थान तथा अक्षय ऊर्जा सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

ये अधिकारी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे, आवश्यक प्रपत्र मौके पर ही भरवाएँगे,

तथा समस्याओं का स्थल पर समाधान करने का प्रयास करेंगे।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के लाभान्वित होने की संभावना है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *