कोटद्वारपौड़ी

जिलाधिकारी ने कोटद्वार में एडीबी पाइपलाइन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया

निर्माणाधीन सड़कों को तुरंत ठीक करने और कार्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश

कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को कोटद्वार नगर क्षेत्र में चल रही एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन 10 वार्डों में खुदाई के कारण सड़कें खराब पड़ी हैं, उन्हें तत्काल पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही, कार्य की दैनिक मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, तथा सुपरवाइजरों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से चस्पा करने के निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या धीमी गति जनता को अनावश्यक परेशानी में डालती है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि कार्य योजनाबद्ध और त्वरित गति से पूर्ण किए जाएं।

23 वार्डों में परियोजना, 10 वार्डों में कार्य प्रगति पर

उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) द्वारा नगर निगम के कुल 23 वार्डों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 10 वार्डों में कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यों की दैनिक समीक्षा कर फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कई स्थानों पर सड़कें लंबे समय से अधर में पड़ी हैं, जो अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना स्थिति है। वार्ड संख्या 22 (सिमलचौड़–गणेश कॉलोनी) में सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री को तुरंत हटाने और शेष सीसी फिलिंग को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

वार्डवार दैनिक कार्ययोजना बनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था को निर्देश दिया कि वे वार्डवार दैनिक कार्ययोजना तैयार कर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के साथ साझा करें, ताकि सड़क मरम्मत व निगरानी नियमित रूप से की जा सके। भविष्य में भी हर सप्ताह उपजिलाधिकारी के साथ कार्ययोजना साझा करने के बाद ही आगामी कार्य किए जाएंगे।

स्थानीय शिकायतें सुनीं, विभागों को सख्त निर्देश

काॅलेज रोड और शहीद सुशीला देवी मार्ग (वार्ड 18) में नागरिकों की शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग, लोनिवि, राजस्व तथा नगर निगम को निर्देश दिए कि जनता की असुविधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी विभाग निर्माण कार्यों की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करें।

इसके अलावा, अर्पित जनरल स्टोर (कालेज रोड) के पास लीक हो रही पाइपलाइन को तुरंत दुरुस्त करने के भी निर्देश जारी किए।

निरीक्षण दल उपस्थित

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, प्रोजेक्ट मैनेजर UUSDA जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, लोकेश कुमार समेत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *