कोटद्वारपौड़ी

कोटद्वार बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा, सुधारात्मक कदमों पर दिए कड़े निर्देश

कोटद्वार। जिलाधिकारी डॉ. स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में चंद्रमोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय, कोटद्वार की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक जिला सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, स्वच्छता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाइजीन एवं सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर बल दिया। सीएमएस डॉ. विजय सिंह को निर्देशित किया गया कि इमरजेंसी जांच हेतु पैथोलॉजी लैब 24 घंटे संचालित रहे, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डॉक्टरों की कैंप ड्यूटी को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कम से कम एक सप्ताह पूर्व इसकी सूचना अस्पताल के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए, ताकि आमजन को पूर्व जानकारी मिल सके। बिल काउंटर पर अधिक भीड़ की समस्या को देखते हुए अतिरिक्त कार्मिक की तैनाती के आदेश दिए गए।

मशीनों की कार्य स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मशीनों की एएमसी (AMC) समय पर की जाए, जिससे मशीनों में खराबी आने पर मरीजों को दिक्कत न हो।

उन्होंने एम्बुलेंस गैराज तथा पोस्टमार्टम हाउस के शीघ्र जीर्णोद्धार पर भी बल दिया।

अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों की मरम्मत तथा आवश्यक नए उपकरणों की खरीद के लिए शीघ्र कोटेशन तैयार करने और कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि ₹2.5 लाख से अधिक व्यय प्रस्तावों के लिए एसीएमओ को समिति में नामित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करने, ऑक्सीजन सप्लाई लाइन, जंबो सिलेंडर, कैनोग्राफी मशीन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी अनुमति प्रदान की।

साथ ही, सीसीटीवी प्रतिस्थापन, इंटरकॉम सिस्टम एवं बायोमेट्रिक मशीन की मरम्मत/स्थापना के प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित करना अस्पताल प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *