राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर कोटद्वार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय रोजगार मेला
कोटद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन के सहयोग से सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने रोजगार मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
रोजगार मेले में 16 कंपनियों और एक दर्जन से अधिक विभागों ने भाग लिया। इस दौरान 343 युवक-युवतियों ने रोजगार हेतु पंजीकरण कराया, जिनमें से 67 आवेदकों का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया।
विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूरी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान और संघर्ष के फलस्वरूप हमें अपना राज्य मिला है। राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर सरकार रोजगार सृजन और पलायन रोकथाम के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए, वहीं विभागों ने आगंतुकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए प्रचार-साहित्य का वितरण भी किया।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। रोजगार मेले के माध्यम से एक ही स्थान पर युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन उत्तम कुमार, जी.एम. डी.आई.सी. सोमनाथ गर्ग, कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल से डॉ. ऋचा जैन, महाविद्यालय के अध्यापक, अधिकारी, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
